
उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में बढ़ रही बेतहाशा महंगाई के विरोध में AAP ने दिया राष्ट्रपति महोदय को ज्ञापन!

संतकबीरनगर- / कुरेश अहमद सिद्दीकी:- दिनाँक 31/10/2020, दिन शनिवार को आम आदमी पार्टी, संत कबीर नगर द्वारा देश मे बढ़ती हुई महंगाई को लेकर जिला-मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। जिला महासचिव आलोक श्रीवास्तव के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष तथा कार्यकारिणी के लोगो द्वारा महामहिम राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविद जी को जिलाधिकारी महोदया के माध्यम से बढ़ती हुई महंगाई के विरोध में ज्ञापन प्रेषित किया गया।
जिला महासचिव आलोक श्रीवास्तव ने कहा कि आज देश में आम आदमी के दैनिक उपयोग की लगभग सभी आवश्यक वस्तुओं के दाम आसमान को छू रहे हैं। हाल ही में आम आदमी के खाने पीने की वस्तुओं तक के दाम इतने बढ़ गए हैं, कि इसमें सरकार का तत्काल हस्तक्षेप आवश्यक है। आम आदमी पार्टी का ये मानना है कि इन हालातों के जिम्मेदार मोदी सरकार द्वारा उठाये गए कुछ बेहद जनविरोधी कदम हैं।
जिलाध्यक्ष रमेश चंद्र यादव ने कहा की कृषि बिल से बढ़ रही जमाखोरी, हाल ही में पास हुआ कृषि बिल देश की पूरी कृषि अर्थव्यवस्था के लिए बेहद घातक है। इस बिल ने पूंजीपतियों को कृषि उपज की जमाखोरी की खुली छूट दे दी है जिसका सीधा शिकार किसान हुआ है और इन पूंजीपतियों के माध्यम से बिकने वाली कृषि उपज आम उपभोक्ता तक बेहद महंगी हो कर पहुँच रही है। साफ़ दिखाई पड़ रहा है कि मोदी सरकार ने पूंजीपतियों के लिए किसानों से सस्ते में अनाज, दाल और सब्जी आदि खरीद के जमा करके उसको बाजार में महंगे दामों में बेचने की खुली छूट दे दी है और देश के आम लोगों के साथ बड़ा धोखा किया है। जमाखोरी को खुली छूट देने वाले इस बिल को तत्काल वापस लिया जाये।
इसी क्रम में मंडल संयोजक व पूर्व जिला अध्यक्ष सौम्येन्द्र प्रताप श्रीवास्तव ने कहा कि कृषि बिल में MSP व्यवस्था समाप्त करना बेहद घातक है। इस नए बिल में MSP की व्यवस्था को बदनियती से, साजिशन समाप्त कर दिया है, किसान औने पौने दाम पर अपनी फसलें बेचने को मजबूर हो गए हैं, ऐसे ही चलता रहा तो देश का कृषि ढांचा पूरी तरह चरमरा जायेगा, और करोड़ों किसान या तो आत्महत्या के लिए विवश हो जायेंगे या मजबूरी में कृषि छोड़ कर मजदूर बन जायेंगे | महज चंद पूंजीपतियों के प्रभाव में आ कर देश के अन्नदाता के साथ ये बहुत बड़ा धोखा किया गया है, और इसका खामियाजा कमरतोड़ महंगाई के रूप में देश की जनता को भुगतना पड़ रहा है। इस बिल को तत्काल वापस लिया जाये।
इसी क्रम में डॉक्टर संघ अध्यक्ष डॉ० अजय कुमार चौधरी ने पेट्रोल डीजल के जरिये हो रही लूट को देश के आम जनमानस के लिए घातक बताया है। जब से मोदी सरकार सत्ता में आई है, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोत्तरी की गयी है, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें सबसे कम होने पर भी उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यो के लोगों को इतना महंगा डीजल पेट्रोल बेचना बहुत निर्लज्जता का प्रदर्शन है | इतनी अधिक कीमतों के कारण उत्तर प्रदेश में ट्रांसपोर्टेशन बेहद महंगा हो गया है और सभी वस्तुओं के दामों पर इसका विपरीत प्रभाव पड़ा है। पेट्रोल डीजल पर से एक्साइज ड्यूटी को तत्काल घटा कर महंगाई को कम किया जाये।
इसी क्रम में राम गोपाल तिवारी, सुधीर सिंह, दुर्विजय यादव, अमित प्रताप, पंकज शर्मा एवं बालेन्द्र राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश एक कृषि प्रधान प्रदेश होने के कारण इस बेतहासा महंगाई और मूल्य वृद्धि का सबसे ज्यादा प्रभाव यूपी के किसानो पर पड़ा है आपसे आशा है कि उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यो के इन गंभीर हालातों को समझते हुए शासन-प्रशासन तथा महामहिम राष्ट्रपति महोदय आपके स्तर से तत्काल हस्तक्षेप किया जायेगा और किसान सहित आम जनता को राहत दिलवाई जाएगी।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से सुधीर सिंह, आलोक श्रीवास्तव, पुष्पा राय, दुर्विजय यादव, अमित प्रताप, पंकज शर्मा, सौंम्येन्द्र प्रताप श्रीवास्तव, बालेन्द्र राय, राम गोपाल तिवारी इत्यादि लोग उपस्थित रहें।