

- लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ पहुंचे खलीलाबाद कोतवाली
संतकबीरनगर : जनपद न्यायाधीश अनिल कुमार वर्मा के निर्देशन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला जज महेंद्र कुमार सिंह के पहल पर शनिवार को लीगल एड डिफेंस काउंसिल के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव कोतवाली खलीलाबाद पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को जीरो एफआईआर के बारे में जानना जरुरी है। थाने के सीमाक्षेत्र में न आने की बात कहकर एफआईआर दर्ज करने से इंकार नही किया जा सकता।
उन्होंने जीरो एफआईआर के बारे में बताते हुए कहा कि यदि कोई मामला संबंधित थाने के सीमा क्षेत्र में नही आता है तब वहां जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला संबंधित थाने में भेज दिया जाएगा। इसके साथ ही नए कानून के बारे में विस्तार से बताया।
डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल संजीव कुमार पांडेय ने आर्थिक स्थिति कमजोर रहने के कारण सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे विधिक सहायता के बारे में उपस्थित लोगों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सिस्टम के द्वारा पात्र व्यक्तियों को निरंतर विधिक सहायता प्रदान की जा रही है। असिस्टेंट मो.दानिश ने प्री अरेस्ट, रिमांड व ट्रायल के दौरान विधिक सहायता प्राप्त करने के बारे में चर्चा किया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह, पैरा लीगल वालंटियर अरविंद कुमार राय समेत अन्य पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।